सरापता हूँ - अभिज्ञात

अभिज्ञातअभिज्ञात1 Sept 1962

11 min read · 12.4K reads

कीकर की एक सहेली है,
पास खेत में काम करती है ।
हो चूर थकान से दोपहर में,
बैठ छाँव में साँस लेती है ।

कीकर को हो गया है लगाव उससे,
वह भी पाती है सुकून इस सहेली से ।
नहीं कोई और दुख-दर्द बाँटने को,
कीकर को ही साथिन समझ बैठी है ।

कभी-कभी लेते हुए अँगड़ाई
वह कुछ-कुछ बुद-बुदाती है।
शायद अपनी कहानी कहती है,
जो कीकर को झकझोर देती है ।

“उठती हूँ मैं तड़के-तड़के,
जब पंछी भी पंख नहीं फड़फड़ाता,
न कूकती कोयल, न थिरकते मोर,
नींद की गोद में होता है जग सारा ।

तब डालती हूँ मैं चक्की में दाने,
ले हाथ में हत्था पाट को घुमाती हूँ ।
पसीना-पसीना हो पीसती हूँ आटा,
पाते हैं सबल जिससे और बल ।

इंतजार कर रही होती है मेरा बिलोनी,
उससे निकलता है मक्खन और लस्सी ।
मक्खन से पति और बेटा होते हैं और सबल,
बेटी और मैं कर लेते हैं लस्सी से गुज़ारा ।

गाय-भैंसों को चराने ले जाता है ‘भूरा’ –
मेरा बेटा, पाळी बनकर ही सबल होता है ।
बेटी और मैं भरते हैं गोबर टोकरों में,
उससे बनाते हैं गोल-गोल गोस्से (उपले) ।

फिर रख सिर पर पानी का घड़ा,
उस पर टिका लस्सी का लोटा,
रोटियों पर रख पिसी मिर्च और गठा,
जाती हूं मैं दो कोस दूर खेत में ।

मेरा सबल पति थामकर हल,
आता है पास मेरे नाश्ते के लिए ।
मन किया तो खिला देता है मुझे भी
घूसे सबलता अपनी जताने के लिए ।

फिर मैं जुट जाती हूं काटने घास,
या हल के आगे साफ करने सूड़ (झाड़-झंखाड),
भरी दोपहर बेटी रोटियाँ लेकर आती है,
अब माँ-बेटी ईख को सबल बनाती हैं ।

ढलता है दिन, होता है पहर तीसरा,
रख कर सिर पर ज्वार के भरोटे,
लौटते हैं घर, काटते हैं उन्हें गंडासे से
गाय-भैंसों को सबल बनाने के लिए ।

फिर बाल्टी से कुएँ से खींच पानी
भरती है ढेर सारे घड़े, टोकणियाँ ।
सिर पर सजा कर एक के ऊपर एक
लाती है सबलों की प्यास बुझाने को ।

फिर हम पकाते हैं रोटियाँ,
अक्सर बापू-बेटा पहले खाते हैं ।
हमें मिल जाता है बचा-खुचा,
सबलों को देना है और अधिक बल ।

देर साँझ को पति अक्सर पीता है गट-गट
मुझे देता है खाने को घूंसे, पीने को आँसू।
टूटी-सी खटिया पर सिसकते-सिसकते
सो जाती हैं दो अबलाएँ – मां और बेटी ।

कट जाता है एक और दिन हमारा,
सबल भी भर लेते हैं दो-एक डग ।
कल फिर उठना है तड़के-तड़के,
सबलों को और बल देने के लिए ।
अभिज्ञात
About the poet

अभिज्ञात

View profile & all 52 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगाये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगालिबास-ए-ज़िंदगी फट जाएगा मैला नहीं होगा— मुनव्वर रानाचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेबढ़ाने पर पतंग आए तो चर्ख़ी खोल दी हम ने— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजआंबेडकर“तुम्हारे दीन मुखों को देखकरकरुणा भरे स्वरों को सुनकर— बी. गोपाल रेड्डी