जैसे साँस लेती हूँ, वैसा...

उत्पल बैनर्जीउत्पल बैनर्जी25 Sept 1967

1 min read · 12.4K reads

अपनी स्वप्न-छाया में मुदित

वह खोई हुई थी अपनी कामना के आकाश में

जहाँ पलकों पर तने इंद्रधनुष की आभा भीग रही थी

मधुरिमा के जल से,

मोम-सी पिघलती आकाशगंगा में

बिखरा हुआ था उसके लहराते केशों का अँधेरा

जहाँ पूर्वजन्मों की इच्छाएँ जुगनुओं-सी टिमटिमा रही थीं

अपनी निजता के दर्पण में उसने चाँद से उदासी का सबब पूछा था

या कि चाँद ने उससे....

और कोई कुछ नहीं बता सका था।

अजाने फूलों की कितनी ही गंध-स्मृतियाँ थीं

उसकी मुस्कुराहट में

जहाँ उजाला कृतज्ञ होता था

उसके प्रेमगीतों से भर गया था पक्षियों का आकाश

जहाँ श्रुतियाँ उसके बहाने पृथ्वी का प्रेमगीत गा रही थीं

समय के कगार पर छूट गए उसके विस्मय

अपनी सात्विक दीप्ति में विसर्जित हो रहे थे

जिन्हें मंदिर की प्राचीन शुचिता

मेरे विस्मय की दहलीज़ पर वंदनवार-सी टाँग रही थी

अपनी नश्वर दुनिया की नश्वर भाषा में

मैंने पूछा था—कैसा होता है प्रेम!

—जैसे साँस लेती हूँ, वैसा...!

कहा था उसने।

उत्पल बैनर्जी
About the poet

उत्पल बैनर्जी

View profile & all 37 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like