हमें दंगों पर कविता लिखनी है

उत्पल बैनर्जीउत्पल बैनर्जी25 Sept 1967

1 min read · 12.4K reads

जब नींद के निचाट अँधेरे में

सेंध लगा रहे थे सपने

और बच्चों की हँसी से गुदगुदा उठी थी

मन की देह,

हम जाने किन षड्यंत्रों की ओट में बैठे

मंत्रणा करते रहे!

व्यंजना के लुब्ध पथ पर

क्रियापदों के झुंड और धूल भरे रूपकों से बचते

जब उभर रहे थे दीप्त विचार

तब हम कविता के गेस्ट हाउस में

पान-पात्र पर भिनभिनाती मक्खियाँ उड़ा रहे थे!

जब मशालें लेकर चलने का वक़्त आया

वक़्त आया रास्ता तय करने का

जब लपटों और धुएँ से भर गए रास्ते

हमने कहा—हमें घर जाने दो

हमें दंगों पर कविता लिखनी है!

उत्पल बैनर्जी
About the poet

उत्पल बैनर्जी

View profile & all 37 Poems / Stories