अयोध्या-4 - उद्‌भ्रान्त

उद्‌भ्रान्तउद्‌भ्रान्त4 Sept 1948

6 min read · 12.4K reads

कनकमहल

कनकमहल में
अब तो कनक दिखाई देता नहीं कहीं
अपने भग्नावशेषों तक में
किन्तु जगत-माता सीता की
छवियाँ-प्रतिछवियाँ
मुग्ध करती हैं
इस विपन्न कलिकाल में भी
रामदरबार में
राम के सँग सिंहासन पर
बैठी हुई सीता की
झुकी हुई नज़रों की छवि के विपरीत
यहाँ दिखती है
सर्वथा अनूठी छवि ।

पलकें उठाए
सीधी दृष्टि किए
आँखों में अधिकार लिए
सीता कनकमहल में
आधुनिक नारी की प्रतिष्ठा
और स्वाभिमान की प्रतीक
सीता का यही
एकमात्र
विरल, गौरवमयी रूप देख
माता धरित्री भी
अब तक विभोर
भूलकर उस त्रास, उस संत्रास को जो
शताब्दियाँ गुज़रीं
उसकी बेटी ने
जिया अपनी आत्मा में
कोई अपराध किए बिना भी !


वह भी इस सीमा तक कि
अंततोगत्वा उसकी
सुन पुकार-कातर
माता ने ही अपने
कलेजे पर पत्थर रख
उसे अन्तिम निद्रा के लिए
समयपूर्व
शरण दे दी !

सीता का
कनकमहल में उभरा हुआ रूप
आज की युवा कर्मठ
नारी में प्रतिबिम्बित होकर
काल के तराजू पर
न्याय की कसौटी को कसता हुआ
एक नई क्रान्ति का
उद्घोष कर रहा है !
उद्‌भ्रान्त
About the poet

उद्‌भ्रान्त

सुपरिचित कवि-लेखक। कविता सहित साहित्य की विभिन्न विधाओं में सौ से अधिक पुस्तकें प्रकाशित। मूल नाम : रमाकांत शर्मा जन्म : 04/09/1948 | झुंझुनू, राजस्थान

View profile & all 47 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like