हर सुबह तुम आँखों में छिपाती हो आँसुओं को,
आँसुओं में छिपाती हो टूटे नक्षत्रों को
जिन्हें तुमने बीना था अकेलेपन के समुद्र तट पर एक शाम
तुम टूटे नक्षत्रों में छिपाती हो मृत्यु के पदचिह्नों को
जो हर रात अंतरिक्ष के फ़र्श पर छूट जाते हैं
फिर तुम्हारी आँखों से टपकते हैं आँसू और
मैं मृत्यु के पदचिह्नाें में
अपना पैर फँसाने की कोशिश में लग जाता हूँ चुपचाप








