लौटता हूँ उसी ताले की तरफ़
जिसके पीछे
एक मद्धिम अँधेरा
मेरे उदास इंतज़ार में बैठा है
परकटी रोशनी के पिंजरे में
जहाँ फड़फड़ाहट
एक संभावना है अभी
चीज़-भरी इस जगह से
लौटता हूँ
उसके ख़ालीपन में
एक वयस्क स्थिरता
थकी हुई जहाँ
अस्थिर होना चाहती है
मक़सद नहीं है कुछ भी
बस लौटना है सो लौटता हूँ
चिंतन के काठ हिस्से में
एक और भी पक्ष है जहाँ
सुने जाने की आस में
लौटता हूँ
लौटने में
इस ख़ाली घर में
उतार कर सब कुछ अपना
यहीं रख-छोड़कर
लौटता हूँ अपने बीज में
उगने के अनुभव को 'होता हुआ'
देखने
लौटता हूँ
इस हुए काल के भविष्य में।








