अधूरे में

तुषार धवलतुषार धवल22 Sept 1973

1 min read · 12.4K reads

एक दिन हम लौट गए थे

अपनी अपनी दिशाओं में

अपनी अपनी भीड़ में डूब जाने को

तुम्हारी भीड़ तुम्हें अपने भीतर भरकर

तुम्हें मुझसे

दूर घसीटती जा रही थी

उसी भीड़ की ठेलती टाँगों के बीच से मेरी तरफ़ तड़प कर लपकती हुई

हवा में खिंची रह गई तुम्हारी बाईं हथेली और उसका वह ज़र्द रंग

मैं साथ लिए चलता हूँ

चूमता हूँ हर माथे को अपने अधूरेपन में

बटन टाँकता हूँ हर दरवाज़े पर जैसे वह कोई खुली रह गई क़मीज़ है

जिसे चौखट ने अधूरा ही पहन लिया हो

जैसे अधूरा अधूरेपन से साँस मिलाता है

अधूरापन त्रासदी का पूर्ण कथन है

और अधूरी त्रासदियाँ कभी पूरी नहीं होतीं

वे लौटती हैं बार-बार

हर बार खुरच कर भी मन नहीं भरता

इधर जी नहीं भरता अधूरेपन से जिसे साथ लिए चलता हूँ

हवा में खिंची रह गई तुम्हारी बाईं हथेली संग

उसी से छूता हूँ इस धरती को

उसके गर्भ को उसी से सहलाता हूँ

अपने अधूरे होंठों से अधूरी हवा में चूमता हूँ तुम्हारे अधूरे चेहरे को अधूरे आकाश तले

और ग़ज़ब-सा लगता है

तुम्हारा प्रेम पी कर

हर कुछ से

प्रेम हो जाता है।

तुषार धवल
About the poet

तुषार धवल

View profile & all 70 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like