कविता

तोषप्रभा कलितातोषप्रभा कलिता

2 min read · 12.4K reads

पहले थी शिशु-कविता

कैसी अकपट नग्न-निरंजन

करती शोभित किसी सरल

सुप्राचीन कृषक का मनःप्रांगण

अब उसकी मुझे नहीं मिलती

कहीं से कोई ख़बर

देखा था उसे कभी मैंने

ईश्वरीय रहस्य के मायावृत्त में

बाल-विधवा-सा पावन जीवन

बस रत्ती भर धर्म का प्रयोजन

ओह! पकड़कर लाया कौन

बनाया उसे क्रीत-दासी

पैरों में बाँधे नूपुर

लुभाने को राजा-प्रजा के चित्त

मनमोहक अलंकारों से सजा

तराश कर बनाया कण्ठ सुरीला

सँजोकर ताल-मात्रा-लय-सुर

छंदों में बंदिनी बना दिया!

धीरे-धीरे ऐसे ही वह

जन-गण की आत्मजा

बनी अभिजात बैठकों की

अनन्या, अपरिहार्य सज्जा

उच्च-वर्ग में हलचल हुई

परीक्षा-निरीक्षण गवेषणा चली

काट-छाँटकर आग्रही कवियों ने

बना दिया उसे इकेबाना-बॉनसाई

फिर एक दिन...

कथित पंडितों के अस्त्रोपचार से

कविता के ह्दय की रक्तधारा

स्तब्ध हो गई

कुछ बुद्धिजीवियों के लिए

काम रह गया मात्र मनन

सोचा, ऐसे शायद कविता

रहे होकर चिरंतन

कविता बनकर रह गई

केवल मस्तिष्क की कारसाज़ी

दुरूह, दुर्बोध कोई जैसे

हृदयहीना, निष्ठुरा रमणी

न जाने किसने ला दिया

उसे अचानक

किसी संन्यासिनी का

अनन्य हृदय

जिसे पाकर कविता हुई धन्य

पुनर्जन्म पाया, हुई पूर्ण, ऋजु, अकपट

फिर से कविता बनी

वैसी ही सर्वत्रगामिनी

बन गई है कविता अब

अस्त्र और फूल

शीत और बसंत के

चाहे हो रात्रि यो हो प्रभात

कविता के लिए नहीं है

समय-असमय, निशा या भोर

नहीं रही अब कविता

मौसमी कोई फूल

नहीं क्रीत-दासी

उन पंडितों की भी जो हैं अलस-विलासी

वहीं है कविता सदा

जहाँ मनुष्य है, दुःख है

करती हुई उजागर मानव-प्रमूल्यों की

सड़ी-गली मृतदेह

जब चीत्कार करते हैं

शकुन नभ में मँडराते

हिंस्र भेड़िये कर डालते

मृत शिशु के टुकड़े-टुकड़े

लपलपाती अग्निशिखा, धुआँ

कीचड़ और ख़ून एकमेक हुआ

पीछे छोड़ आगे बढ़ जाती है

अंजुरी-भर पुष्प चढ़ाती है

कविता देती है मृतक को

यथोचित सम्मान

गाकर जीवन के चिरंतन

आह्वान का गान

कविता ही तो है मानव की

आकांक्षाओं का धन

छू सकती है बस कविता ही

जीवन—विशालायतन।

तोषप्रभा कलिता
About the poet

तोषप्रभा कलिता

सुपरिचित असमिया बाल-साहित्यकार, कवि और अनुवादक। साहित्य अकादेमी के बाल साहित्यकार पुरस्कार से सम्मानित।

View profile & all 1 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like