समय के साथ चलते हुए - तेज राम शर्मा

तेज राम शर्मातेज राम शर्मा25 Sept 1943

4 min read · 12.4K reads

साँप अपनी खाल छोड़ जाता है पीछे
समय के साथ चलते हुए
पर मैं चिपका हूँ
झुर्रीदार और पुरानी
समय के साथ
न चल सकने वाली खाल से

पुराने समय का
मुट्ठी भर बचा लेना चाहता हूँ कुछ
जो समय के साथ
रेत की तरह सरक जाता है
मुट्ठी के बीच से
समय के साथ सब कुछ बिक रहा है
लोग कतार में खड़े हैं
नज़रें बचाकर नई खाल पहन
समय के साथ हो जाते हैं

सरकारी गोदामों के ऊपर
समय उलझा होगा बंदरबाँट में
नीचे चूहे स्वस्थ हो रहे होंगे
समय के साथ चलते हुए

पापी इच्छाओं से
आत्मा पर पड़ती जा रही हैं
जो काली परतें
उन्हें साफ करने का समय
कहाँ मिल पाएगा समय के साथ चलते हुए
इतना समय कहाँ होगा कि ढूँढ सको
अपने अन्दर के सच को
दबी ही रह जाएगी आवाज़
समय के साथ चलते हुए ।
तेज राम शर्मा
About the poet

तेज राम शर्मा

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like