माँ - तेज राम शर्मा

तेज राम शर्मातेज राम शर्मा25 Sept 1943

5 min read · 12.4K reads

कितना कठिन है
माँ पर कविता लिखना
क्योंकि जब स्मित सपनों में सोया होता है घर
माँ कर चुकी होती है पार
दुर्गम पहाड़ी पगडण्डियाँ
और जब तुम आँख मलते उठते हो
माँ पर्वत की चोटी के उस पार
अक्षौहिणी सेना की तरह काट रही होती है घास


मातृत्व के गुरुत्वाकर्षण से
स्तनों से स्वतः रिसता है दूध
उघड़ जाती है सीवन
घासनी में सूरज से लड़ते हुए
सूरज के रथ को पीछे धकेल कर
जल्दी-जल्दी समेटती है घास

घास के बोझ तले
जब भरती है तेज़ डग
तो प्यासी धरती
आकण्ठ पी जाती है उसके
दूध और पसीने की रसधार

घास के डैने पसारे
उड़ती है वह
घर की ओर
माँ के लौटते ही
अँधेरे कोने में लौटती है धूप
दाँतों में जुगाली
घण्टे में नाद
धमनियों में रक्त
आग में ताप
मूर्छित समय में लौटते प्राण

मुझे गोद में उठाने से पहले
पानी से धोती है दूध रिसते उजले स्तन
कहीं पसीने की विरासत न घुल जाए
लाडले के दूध में।
तेज राम शर्मा
About the poet

तेज राम शर्मा

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like