चिनार के पत्ते - तेज राम शर्मा

तेज राम शर्मातेज राम शर्मा25 Sept 1943

4 min read · 12.4K reads

सुबह पर्दा हटाता हूँ
तो देखता हूँ कि
चिनार के पत्ते
झड़ चुके होते हैं
सब के सब
बाग उजड़ा-सा दिखता है

पीर का-सा चोगा पहने एक मज़दूर
चिनार के बिखरे पत्तों को
समेट रहा है
कुछ पत्ते रात के बवंडर में
बिखर गए हैं चारों ओर

डल पर अभी धुंध घिरी हुई है
घरों से उठता धुआँ
चारों ओर फैला है

चिनार के पत्ते
हरे से हुए लाल
और लाल से कोयला
राख नहीं होने देगा उन्हें मज़दूर

सर्द दिनों में
काँगड़ी छिपी रहती है फिरन में
चिनार की मीठी आग
छाती को देती रहती है गर्माहट
सबको आस रहती है
चिनार के पेड़ों में
फिर से कोंपलें फूटने की।
तेज राम शर्मा
About the poet

तेज राम शर्मा

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like