तरुणी के दंत समान,
उजली जुही हरी बेल में,
खुली खिली कली रूप
झूम-झूम हँस रही!
दक्खिनी बयार में,
नन्हीं जुही बालिका
समान मत्त नाचती,
बिखेरती, पसारती वह सब कहीं सुगंधि भी
भ्रमर को जुटा सराग
गीत-गुंज छेड़कर
मस्त देखते के मन में
भाव-मधु उड़ेलती।
अचल वृक्ष को भी वह
आश्रय-सा पा गई।
आमरण उसी के संग—
संग ही निभाएगी।
पारि महाराज को भी मुग्ध किया,
पा लिया, उन्हीं का रथ भेंट में
कौन है जिन्हें, जुही!
शोभा तेरी न मोहती?
सिंगार करती नारियाँ
तुझी से अपनी वेणियाँ औ'
कविगण भी मानते हैं
कानन-सिंगार तुझे।
प्रेयसी की, ईश की
चढ़ाई प्रेम भेंट तू।
जुही! बनने फूल रूप
पुण्य क्या किए हैं तूने
हरी-भरी चादर में
जड़ी हुई मुक्त-मणि
जुही! मन तो चाहता है
चूम लूँ निहार छवि!
जुग-जुग तुम जियो जुही!
आशीष हम देते हैं
सज्जन की आशी: ज्यों—
‘जल से घिरी पृथ्वी में
फूलती रहो सदा'!!








