तीसरा रास्ता

Shrikant Vermaश्रीकांत वर्मा

2 min read · 13.4K reads

मगध में शोर है कि मगध में शासक नहीं रहे

जो थे

वे मदिरा, प्रमाद और आलस्य के कारण

इस लायक़

नहीं रहे

कि उन्हें हम

मगध का शासक कह सकें

लगभग यही शोर है

अवंती में

यही कोसल में

यही

विदर्भ में

कि शासक नहीं

रहे

जो थे

उन्हें मदिरा, प्रमाद और आलस्य ने

इस

लायक़ नहीं

रखा

कि उन्हें हम अपना शासक कह सकें

तब हम क्या करें?

शासक नहीं होंगे

तो क़ानून नहीं होगा

क़ानून नहीं होगा

तो व्यवस्था नहीं होगी

व्यवस्था नहीं होगी

तो धर्म नहीं होगा

धर्म नहीं होगा

तो समाज नहीं होगा

समाज नहीं होगा

तो व्यक्ति नहीं होगा

व्यक्ति नहीं होगा

तो हम नहीं होंगे

हम क्या करें?

क़ानून को तोड़ दें?

धर्म को छोड़ दें?

व्यवस्था को भंग करें?

मित्रो—

दो ही

रास्ते हैं :

दुर्नीति पर चलें

नीति पर बहस

बनाए रखें

दुराचरण करें

सदाचार की

चर्चा चलाए रखें

असत्य कहें,

असत्य करें

असत्य जिएँ—

सत्य के लिए

मर-मिटने की आन नहीं छोड़ें

अंत में,

प्राण तो

सभी छोड़ते हैं

व्यर्थ के लिए

हम प्राण नहीं छोड़ें

मित्रो,

तीसरा रास्ता भी

है—

मगर वह

मगध

अवंती

कोसल

या

विदर्भ

होकर नहीं

जाता।

Shrikant Verma
About the poet

Shrikant Verma श्रीकांत वर्मा

Shrikant Verma (18 September 1931 – 25 May 1986) was an Indian poet and a Member of Parliament from Madhya Pradesh as an INC candidate from 1976 to 1982 and 1982 to 1986. Verma died of cancer in 1986 in New York. Verma was born in Bilaspur city in the Indian…

View profile & all 25 Poems / Stories