पाब्लो नेरूदा

Shamsher Bahadur SinghShamsher Bahadur Singh13 Jan 1911 – 12 May 1993

1 min read · 12.5K reads


एक

मैं निछावर हूँ तुम पर, नेरूदा !
उस पर भी यह महज
चार दाने चावल के हैं
तुम्हारी प्रतिभा की उत्तुंग
शुभ्र पर्वत वेदी पर !

मैं अपनी छोटी सी नौका छोड़ देता हूँ
तुम्हारे सात समुन्दरों के ऊपर !

वह भटकेगी
कुछ अर्से शायद !
मगर वह
खोएगी नहीं
कभी !
इतना तो पूरा विश्वास है !

दो

तुम्हारे साथ
विश्व व्याप्ति में समा जाने की
एक धड़कन यह
मेरी एकान्त मानव धड़कन यह
कैसी है ?

प्रेम और मनुष्य और पर्वत
और सागर का
यह पार्थिव यथार्थ

टकराव तुमुल
संघर्ष
एक निरन्तर आन्तरिक
सम्मिलन की उपलब्धि
की ओर ।

सहव्याप्ति का यह क्षण
मेरे अन्दर जो यह
अपनाव तनाव का
एक ही यथार्थ

वही तो हो
तुम हमारे नेरूदा !

Shamsher Bahadur Singh
About the poet

Shamsher Bahadur Singh

शमशेर बहादुर सिंह 13 जनवरी 1911- 12 मई 1993 आधुनिक हिंदी कविता की प्रगतिशील त्रयी के एक स्तंभ हैं। हिंदी कविता में अनूठे माँसल एंद्रीए बिंबों के रचयिता शमशेर आजीवन प्रगतिवादी विचारधारा से जुड़े रहे। तार सप्तक से शुरुआत कर चुका भी नहीं हूँ मैं के लिए साहित्य अ…

View profile & all 25 Poems / Stories