तिरे विसाल का लम्हा हुबाब लगता है
ये ख़्वाब जागती आँखों का ख़्वाब लगता है
ये मेरे हाथ उसे छू के देखना चाहें
वो आदमी तो मुझे इक सराब लगता है
हमें तो सिर्फ़ शबीहें मिली हैं या साए
वो कौन हैं जिन्हें चेहरा किताब लगता है
मैं आदमी की तबीअत से कुछ शनासा हूँ
सो मुझ को शहर में जीना अज़ाब लगता है
ये मौसमों का तग़य्युर उसे बदल देगा
वो होगा ख़ाक जो चेहरा गुलाब लगता है








