इंजीनियरों को पता है कि बाँध का पानी
किस जगह से टूटता है
ज़मीन कहाँ पोली है और प्यासी
चूस लेती है सारा पानी
पहले भी इंजीनियरों को पता था और उस ठेकेदार को भी
जिसने मंदिर का निर्माण करवाया था
दोनों ने आस्था और झूठ को एक साथ जाना था
मौज उड़ाई थी बाँध की पाल पर
लेकिन अब इंजीनियर उत्साहित होकर बाँध की मरम्मत करवा रहे हैं
भीलों का क्या होगा
वे दु:खी हैं कि अगर बाँध भरा रहेगा तो वे खेती नहीं कर सकेंगे
अब कभी टोपे मचान हरियाली सरसों की नशीली ख़ुशबू नहीं होगी
बूढ़ा पटेल कहता है
‘अरे पगलो, अन्न न सही मच्छियाँ तो मिलेंगी
रोहू कतला सवल... तालाब जिनसे भरा रहेगा’
सब बच्चों के मुँह में पानी आ गया...
लेकिन मच्छियों का ठेकेदार होगा
राज यूँ ही मुफ़्त में बर्बाद नहीं होने देगा अपना धन
पटेल बोला, ‘हम सब मजूर होंगे ठेकेदार के
कुछ काम तो मिलेगा...’








