ट्रेन के डिब्बे में एक विक्षिप्त औरत

ऋतुराजऋतुराज10 Sept 1940

1 min read · 12.4K reads

 

बाबा इतना दु:ख 
बाबा इतना सोच 
इतनी बेचैनी इतना दरद 

बाबा कौतुक करो 
कुछ तो जुगत करो 
बाबा बचा लो 
किरपा करो बाबा

चलती ट्रेन में बार-बार सिर पटकने पर भी 
उस औरत की हिचकियों में आए बाबा 
कुछ नहीं कर रहे थे 
न जाने कितने बरसों की बदहाली असहायता में 
उसका पति गोद में बच्चा लिए 
हतप्रभ बैठा था 

कुछ-कुछ ऐसा ही ऊपरला हो जाता है 
जिसे कई संजीदा-से कवि मित्र 
सुविधा के वास्ते 
अपनी आध्यात्मिक चिंता कहते हैं

 
ऋतुराज
About the poet

ऋतुराज

View profile & all 61 Poems / Stories