सबको अपना संगीत अच्छा लगता है
लुहार को निहाई पर हथौड़े की धमक
तो बढ़ई को अपने रंदे की खरर-खरर
सुनार को धौंकनी की फर-फर-फर
और जब ठठेरा लगातार ठोकता है
तो सारे साज़ शांत हो जाते हैं
पिंजारा अपनी वीणा से ब्रह्मनाद के नोम-तोम की रचना करता है
प्रकाश की धुन के आगे झूठे प्रायश्चित का मंत्र कँपकँपाने लगता है
नंगे पाँव स्कूल जाती बच्चियों की पदचाप
आश्वस्त करती है कि भविष्य एक कारीगर है
ठोंकता है ईंट पर ईंट और कनसुरे को दबाता है वज़न से
ड्राइवर बस में आलाप भरता है
सवारियाँ एक-एक कर आरोहित होती हैं
हैंडपंप की ताल पर बाल्टियाँ घड़े पीपे सरकते हैं
रसोई में बेलन की टेक कहती है कहीं चले मत जाना
प्रतीक्षा की एक बंदिश है साइकिल में
वह लौटेगा अपना बस्ता टाँकेगा
देरी से आने वालों का तो एक भरा-पूरा संगीतबद्ध घराना है
उन्हें सुनकर मैं सबकुछ भूल जाता हूँ कुछ भी नहीं कहता








