किशोरी अमोनकर

ऋतुराजऋतुराज10 Sept 1940

1 min read · 12.4K reads

न जाने किस बात पर

हँस रहे थे लोग

प्रेक्षागृह खचाखच भरा था

एक जनसंख्या बहुल देश में

यह कोई अनहोनी नहीं थी

प्रतीक्षा थी विलंबित

आलाप की तरह

कि कब शुरू होगा स्थायी

और कब अंतरा

कब भूप की सवारी निकालेंगी

किशोरी जी

शुद्ध गंधार समय की पीठ

चीरकर अंतरिक्ष में

विलीन हो जाएगा

फिर लौटेगा किसी पहाड़ से धैवत

पंचम को हल्के से छूता हुआ

रिखब को जगाएगा

किशोरी जी हमेशा इसी तरह

सप्त सुरों की वेदना के

शीर्ष पर पहुँचती हैं, लौटती हैं

पर वे अभी तक आईं क्यों नहीं??

स्वर काँपने और सरपट

दौड़ने के लिए बेचैन हैं

लो, वे आ ही गईं—

हल्की-सी खाँसी और तुनकमिज़ाजी का ज़ुकाम है

डाँटकर बोलीं—

यह क्या हँसने का समय है??

ऋतुराज
About the poet

ऋतुराज

View profile & all 61 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like