परजीवी

ऋतेश कुमारऋतेश कुमार

1 min read · 12.4K reads

सबसे पहले

वे बंद कर देते हैं

उन झरोखों, खिड़कियों, दरवाज़ों को

जिनमें अबाध प्रवेश करती हैं

बहुदिशी स्वतंत्र हवाएँ

विषाणुओं के प्रजनन के लिए

बहुत ज़रूरी होता है कुपोषित मन

फिर वे

हमारी सामुदायिक स्मृतियों के स्याह पन्नों को

एक-एक कर चुनते हैं

इनकी तहों पर पोषित होता है विषाणु

हमारी अवचेतना के कुंठित क्षणों को

वे अपनी संक्रामक नोक से खखोरते हैं

खाद की तरह डालते हैं उसकी खुरचन

विष-बेल की जड़ों में

दरअस्ल,

भीतर ही हमारे

मन के गुप्त सुरंगों में छिपा रहता है

पीला-सा घृणा का जीवाणु

बेहद कमज़ोर क्षणों में

जब विचारों की मज़बूत दीवारों में पड़ जाती है सीलन

वह बहने लगता है मवाद-सा

आश्रय बना लेता है तब हमें आसानी से

मौक़े की तलाश में बैठा

हमलावर परजीवी

ऋतेश कुमार
About the poet

ऋतेश कुमार

नई पीढ़ी के कवि-लेखक और कलाकार। मूल नाम : ऋतेश कुमार जन्म : कोलकाता, पश्चिम बंगाल

View profile & all 20 Poems / Stories