नदियों के लिए
नदियों पर बाँध ज़रूरी थे
नहरें ज़रूरी थीं
नाव और जहाज़ ज़रूरी थे
मछलियों के लिए जाल ज़रूरी था
ज़रूरी था एक्वेरियम
नमक और बर्फ़
घोड़े के लिए लगाम ज़रूरी थी
और गाय-बैल के लिए नथाना
जंगलों की भलाई के लिए
ज़रूरी था जंगलों का कटना
पहाड़ों की भलाई के लिए
ज़रूरी था उनका खुदना
और दर्शनीय बनना
आदमी की भलाई के लिए
धर्म ज़रूरी था
ज़रूरी थीं जातियाँ
ज़रूरी थी मठ-स्थापना
ज़रूरी थे शास्त्र
ज़रूरी थीं कथाएँ
(सबरी की, निषाद की, हनुमान की
सीता की, सावित्री की, अहिल्या की
कहानियाँ तो बेहद ज़रूरी थीं)
बाँधना
काटना
लगाम कसना
ज़रूरी है सभ्यता और विकास के लिए
(मनोहर) कहानियाँ गढ़ना
जिसमें सबकी भलाई की बात कही गई हो








