स्वदेशी स्वप्न - पुष्पिता

पुष्पितापुष्पिता14 Sept 1960

4 min read · 12.4K reads

परदेश प्रवास के जीवन में
शामिल है तुम्हारा जीना
मेरे सपनों में
तुम्हारे सपने
सूरीनाम की धरती पर
स्वदेश की आहटें
मेरी धड़कनों की ध्वनि में
करती हैं चुपचाप बातें

वृक्षों के पास
अपने फलों के सपने होते हैं
फूलों के पास
अपनी सुगंध के स्वप्न
बीज अपने
वृक्षों के लिए स्वप्न देखते हैं
और वृक्ष
अपने बीजों के लिए
धूप में तपते हुए तपस्या करते हैं
परिक्रमा करते हैं ऋतुचक्रों की

नदी
अपनी मछलियों के लिए
स्वप्न देखती है
और समुद्र
अपनी नदियों के लिए

मैं पारामारिबो के तट पर
अटलांटिक महासागर की हिलोरों में
तकती हूँ हिन्द महासागर के स्वप्न
प्रवास की पीड़ा में
देखती हूँ स्वदेश के स्वप्न
विदेश की भाषा में
सुनती हूँ अपनी भाषा के अर्थ
ध्वनि में होते हैं नई भाषा के अर्थ-गुंजलक।
पुष्पिता
About the poet

पुष्पिता

View profile & all 196 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like