इकली स्त्री - पुष्पिता

पुष्पितापुष्पिता14 Sept 1960

6 min read · 12.4K reads

घर पर
छोड़ आती है अकेलापन
जिसे जीती है वह
और जो जीता है उसे
आमने सामने होने पर

अकेलापन
घर में रहता है उसके साथ
पहने हुए कपड़े की तरह
मन देह के अंतस का
एकांत ढाँपने के लिए

अवकाश के दिन
घर के भीतर देखता है
उसका अकेलापन
और सहलाता है उसे
सोयी हुई
अपनी मुलायम साँसों से

अकेलापन
घर-भीतर छिपा बैठा है
उसके हर सामान में
एक उदास ठंडक की तरह

आईना तक
ओढ़े रहता है अनुपस्थिति की स्याह चादर
समय का मौन समाया है घर के सन्नाटे में
अकेलेपन ने ऊब कर
घर के भीतर और बाहर उढ़ा दी है
उपेक्षा की श्वेत चादर

पूरे घर में
फैली रहती है
मौत की परछाईं
और अकेलेपन की कसक
जो
घर का ताला खुलते ही
उझक कर आ गिरती है
अकेली स्त्री की सूनी हथेली बीच
जिसे
सहेज कर रखती है अपनी मुट्ठी में
घर के अकेलेपन को कम करने के लिए
जो उस इकली स्त्री से भी ज्यादा झेलता है घुटन
उसके काम पर जाने के बाद

घर और स्त्री
दोनों पहचानते हैं एक दूसरे का अकेलापन
और दमतोड़ कोशिश करते हैं उसे कम करने की
एक दूसरे के आमने-सामने होने पर
स्त्री-पुरुष की तरह प्रायः
पुष्पिता
About the poet

पुष्पिता

View profile & all 196 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like