हम दोनों - पुष्पिता

पुष्पितापुष्पिता14 Sept 1960

5 min read · 12.4K reads

विदेश प्रवास में
हम दोनों प्रवासी शब्द की तरह हैं
हेमचन्द्र के शब्दानुशासन से परे
पाणिनी के अष्टाध्यायी-व्याकरण से दूर
शब्दकोष से परे
आखिर,
मैं और तुम
शब्द ही तो हैं

शब्दों में साँस लेती हुई धड़कने
नवातुर अर्थ के लिए आकुल
सघन-घन-कोश में
आँखें पलटती हैं मेघों को पृष्ठ-दर-पृष्ठ
कभी फूलों के पन्नों को उलट-उलट
सूँघती हैं सुगंध का रहस्य
कभी सूरीनाम और कमोबेना नदियों से
पूछती है अनथक प्रवाह का अनजाना रहस्य

हम दोनों
प्रवासी शब्द की तरह हैं
अधीर और व्याकुल
अंतःकरण के वासी
नाम
शब्दों की तरह
ओठों की मुलायम धरती पर खेलते हैं
स्नेह-पोरों से पलते हुए बढ़ते हैं शब्द
समय में समय का
हिस्सा बन जाने के लिए
अंश में अंशी की तरह
रहते हैं शब्द
जैसे विदेश में
          समाया रहता है स्वदेश
जैसे मुझमें बसा रहता है
          तुम्हारा आत्मीय अर्थ-बोध।
पुष्पिता
About the poet

पुष्पिता

View profile & all 196 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like