देश छोड़ने के बाद - पुष्पिता

पुष्पितापुष्पिता14 Sept 1960

7 min read · 12.4K reads

देश छोड़ने के बाद
वह रहती है
अपने मन के देश में
स्वजनों के स्व से बने
स्वप्नों के देश में
उँगलियों में गिनते हुए दिन मेँ
वह काटती है अपने बढ़े हुए नाखून
चन्द्राकार कटे हुए नूह मेँ
याद आता है उसे अपने चाँद का नेह

देश छोड़ने के बाद
अमावस्या की अँधियारी
पसर गई है समय में
जहाँ आँसुओं से लिखती है
पारदर्शी, उजले और भीगे शब्द

रातों की छाती पर
बिछोह की हिचकियों से सिहरे हुए
रखती हैं सहमते हिज्जे अकेलेपन के
और सारी रात जागकर सिसकियाँ
सूरीनामी तट की तेज समुद्री हवाओं को
सौंपती है संतापी तूफान
और आँखें
सितारों के आले में
रखती हैं प्यार के शब्द

समय की कंघी से
उतर आए अपने केश को
भेजती है अपने पत्र में शब्दों के साथ
अकेलेपन की सिलवटों को
अरमानों के शब्दों में सहेज रखती है
देश छोड़ने के बाद
सूनी-थकी साँसों को सँभालती है
प्रिय की दूरभाषी हतउत्कंठी आवाज़ से
पीती है तरल अमृत सुख

प्रिय का जिया हुआ दिवस
सुबह बनकर समाता है उसकी आँखों में
अपनी पहली चाय के समय
भारत में ढल रही साँझ की याद में
तैयारी करती है साँझी सुनहरी चाय
सूरीनाम कोला क्रेक नदी के पानी के रंग में
घुली मिलती है नींबू की चाय पीती प्रिय की याद
शब्दों से चियर्स कहकर सिसक पड़ती है फोन पर
जैसे मन पृथ्वी के
दो गोलार्द्ध हो गए हों
एक-दूसरे को देखने-छूने को आकुल
एक तार में बँधे
दो तार हो गए हों दोनों
देश छोड़ने के बाद।
पुष्पिता
About the poet

पुष्पिता

View profile & all 196 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like