भोजपत्र पर - पुष्पिता

पुष्पितापुष्पिता14 Sept 1960

5 min read · 12.4K reads

देह के भोजपत्र पर
सांसें और स्पर्श लिखते हैं
प्रणय का अमिट महाकाव्य

ओठ छूट गये हैं मेरे अधरों में
अपने निर्मल और ऊष्म स्पर्श के साथ

तुम्हारे जाने के बाद
एक आदमक़द आईने में
बदल चुकी हूँ मैं।

पृथ्वी का संपूर्ण प्रेम
उमड़ आता है
मेरे भीतर
तुम्हारे होने पर
कि पृथ्वी के सारे रत्न
अंजलि में होते हैं झिलमिलाते

आँखों में
रहते हो रात-दिन
अक्षय स्वप्नों के लिए

सपनों तक
पहुँचने का रास्ता
ओठों ने खींचा है
मन की धरती पर

देह-भीतर रचते हो
प्रेम की पृथ्वी
खोलते हो देह
जैसे गेह द्धार

प्रणयातुर नयन
खेलते हैं पर्वत श्रृंखला से
हथेलियाँ भर उठती हैं देह-रेत से
और रचती हैं घरौंदे सपनों के

हथेलियाँ
सिद्ध करना चाहती हैं
साधना का सहज रसावेग

अंतरंग के कैलाश पर्वत पर
देह जानती है
विदेह होने का
सरस-आत्मीय सुख

गुप्त गोदावरी के
अंतस्थल में
रखते हो अपनी अमृत बूँद
प्रणय की पुनर्सृष्टि …।
पुष्पिता
About the poet

पुष्पिता

View profile & all 196 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like