अमृत स्याही - पुष्पिता

पुष्पितापुष्पिता14 Sept 1960

5 min read · 12.4K reads

तुम्हारी आँखें
सेती हैं दूसरों के लिए सपने
चिड़िया की तरह

दूसरों को सुख देने की
खोज में लगी
तुम्हारी आँखें
रचती हैं सुख
अपनी निर्मल झील में

तुम्हारी आँखों के
सौंदर्य को
पीती हैं मेरी आँखें
ओंठ बनकर
जिसमें रिसता है सौंदर्य
अधर तक के लिए

ट्यूलिप सी
तुम्हारी आँखों तक
पहुँचकर
बुझ जाती है
अकेलेपन की आग

तुम्हारी आँखों से
लेती हूँ दुनिया देखने
और रचने की दृष्टि
और शक्ति।

तुम्हारी आँखों के लिए
बनाना चाहती हूँ दुनिया
जिसमें आँसू न हों।

आँसू
दुनिया के लिए
आँख का पानी है
लेकिन तुम्हारे लिए
दुःख की आग है।

तुम्हारी आँखों से
पैदा होते हैं सपने
सूनी, खाली और डरी हुई
लेकिन भोली और मासूम
आँखों के लिए।

तुम्हारी आँखों से
होकर जाते हैं शांति पथ
पहुँचते हैं अथाह सागर तट तक
धोती हूँ जिससे
हिंसक घाव।
पुष्पिता
About the poet

पुष्पिता

View profile & all 196 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like