आँखों के घर में - पुष्पिता

पुष्पितापुष्पिता14 Sept 1960

6 min read · 12.4K reads

रात भर
आँसू लीपते रहते हैं
आँखों का घर

अँगूठा लगाता है
ढांढस का तिलक

हथेलियाँ आँकती हैं
धैर्य के छापे
जैसे
आदिवासी घर-दीवारों पर
होते हैं छापे और चित्रकथा
उत्सव और मौन के संकेत चिन्ह

सन्नाटे में
सिसकियाँ गाती रहती हैं
हिचकियों की टेक पर
व्यथा की लोक धुनें।

कार्तिक के चाँद से
आँखें कहती रहती हैं
मन के उलाहने।

चाँद सुनता है
ओठों के उपालम्भ
चाँद के मन की
आँखों में आँखें डाल
आँखें सौंपती रहती हैं
अकेलेपन के आँसू
और दुःख की ऐंठन।

अनजाने, अनचाहे
मिलता है जो कुछ
           विध्वंस की तपन
           टूटन की टुकड़ियाँ
           सूखने की यंत्रणा
           सीलन और दरारें
           मीठी कड़ुआहट
           और जोशीला ज़हर

तुम्हारे होने भर के
सुख का वर्क लगाकर
छुपा लेती हूँ सबकुछ
फड़फड़ाती रुपहली चमक के आगोश में

आँखों के कुंड में भरे
खून के आँसूओं के
गीले डरावनेपन को
घोल देती हूँ तुम्हारे नाम में
खुद को खाली करने की कोशिश में
जहाँ तुम्हारा अपनापन ठहर सके
ठहरी हुई आत्मीय छाँव के लिए।
पुष्पिता
About the poet

पुष्पिता

View profile & all 196 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उंगलियांसुबह सुबह स्कूल जाते एक बच्चे के साथ हैंदादी बनकर— प्रताप सोमवंशीपांवभले ही खड़ी हो पूरी देह इन परपूजने के बहुतेरे प्रतीक जुड़े हों पांवों के साथ— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानामहफ़िल में आज मर्सिया-ख़्वानी ही क्यूँ न होमहफ़िल में आज मर्सिया-ख़्वानी ही क्यूँ न होआँखों से बहने दीजिए पानी ही क्यूँ न हो— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजसारी रात प्रार्थनारात भर चाँदनी मेंबहते आते हैं गीत;— बीरेंद्र चट्टोपाध्याय