कविता और शहतूत - प्रेमरंजन अनिमेष

प्रेमरंजन अनिमेषप्रेमरंजन अनिमेष

6 min read · 12.4K reads

मोतीहारी से मुजफ़्फ़रपुर के सफ़र में
एक बच्चे के हाथ देख
फिर उसकी याद आई
और याद आया
अब तक नहीं लिखी
शहतूत पर कविता

जिसे कबसे लिखना चाहता था
तब से जब
कविता का क भी नहीं था पता

अब जबकि
उसका स्वाद भी
अजाना-सा होने लगा है जुबान पर
लिख देना चाहता उसे
शहतूत का यह कर्ज़ है मुझ पर
जिसे बचपन की अलमस्ती में
बेमोल बेफ़िक्र खाया अघाया

याद की वह उँगली
चूसते फिर थामे
कितनी दूर निकल आया हूँ
कि भूलने लगा हूँ

उसे शहतूत के नाम से जानता मैं
आप किसी और नाम से जानते होंगे
पर विश्वास है कभी न कभी स्वाद उसका
ज़रूर आपके भीतर भी उतरा होगा
उसी को संजोना चाहता हूँ
जितना हो सके अपनी कविता में

बचपन में बहुत चाहता था
बहुत सी चीज़ों को
और किसी कवि को पहचानता भी न था
मगर क्या मालूम ऐसा क्यों लगता
कि तभी से था एक ऐसा इनसान बनना चाहता
जिसकी एक जेब में शहतूत हो
दूसरी में कविता

कविता और शहतूत में
किसकी उम्र लम्बी है
नहीं जानता

न यह ख़बर
आगे चल कर
कौन काम आएगा किसके

बहरहाल शहतूत में है जिस तरह
कविता जैसा कुछ
इस कविता में रख देना चाहता
शहतूत का छोटा-सा पता

कि कल को अगर
एक कोई खो जाए
तो दूसरे से
ढूँढ़ लिया जाए...
प्रेमरंजन अनिमेष
About the poet

प्रेमरंजन अनिमेष

View profile & all 61 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like