क्या भावनाओं की झील में
छलाँग लगाकर
मोतियों भरी हथेली लेकर निकलना है कविता
क्या भाषा को
मेहनत करने के लिए उकसाना है कविता
क्या समाज को जगाना है कविता
क्या कुंठाओं की खरपतवार के बीच
विचार अंकुर का
सर उठाना है कविता
क्या संवेदनाओं के दीप को
शब्दों की ओट में
आँधियों से बचाना है कविता
या इतिहास जिसे भुला दे
राजनीति जिसे सुला दे
उस भोले से सत्य के कानों में
जागृति फूँक देना है कविता
शायद
और भी बहुत कुछ है कविता
पर
दो घड़ी ठहर कर
जीवन की नदी को
बहते देखना है
कविता वहीं कहीं है








