पानी-2 - प्रभात त्रिपाठी

प्रभात त्रिपाठीप्रभात त्रिपाठी

3 min read · 12.4K reads

काली कोलतार की सड़क पर
जेठ की तपिश में चप्पलें घसीटते
जब पहुँचा टट्टे के टपरे पर
तो बाँस के स्टैंड पर
टीन की तुरतुरी से
गिलट के मग्गे में पानी पिलाती
औरत का हाथ और गिलट के कंगन

गटगट की आवाज़ में राहत की साँस लेने
और भर पेट पानी पीने के बाद
सोच की रफ़्तार में महज पसीने की चिपचिप
पानी के ख़याल की इस तस्वीर में
एक सच यह भी
इस बेचैन दिमाग में
दिन-रात सुलगती सी

क्या इसी को कहते हैं बड़वानल
क्या लिखूँ इसके बारे में
खाली दिन के एकाकी बिस्तर पर
यह किसका घर
जहाँ अनगिन जलस्रोतों के बीच
जलती रहती है कोई आग
निरंतर
प्रभात त्रिपाठी
About the poet

प्रभात त्रिपाठी

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like