डूब कर ख़ुद में - प्रभात त्रिपाठी

प्रभात त्रिपाठीप्रभात त्रिपाठी

5 min read · 12.4K reads

डूब कर ख़ुद में
लिख सकूँ कुछ शब्द
ऐसा वक़्त शायद ही मिले अब
शायद ही खिले एकान्त मन का
इस जनम में फिर दुबारा
धूप में चम् चम् चमकते
सुर्ख फूलों के बग़ीचे में
कभी आकर चखूँगा रस समय का
 
वह सरल विश्वास कब का जा चुका है
और जो कुछ शेष
उसका क्या करूँ
यह प्रश्न तक अब हो चुका
बिलकुल निरर्थक
क्योंकि कर्ता कर्म का अपने
कभी मैं हो सका
इसमें गहन सन्देह

इसलिए यह देह मेरी
ईश के वरदान या अभिशाप-सी
एक दुर्लभ पुण्य-सी या पाप-सी
रात दिन बस देखती है
चित्र अन्तिम स्वप्न का
स्वप्न अन्तिम चित्र का
साँस टूटे, देह छूटे
और केलो के किनारे
राख का कण कण पुकारे
 
यही है वह शख़्स
जिसने ज़िन्दगी भर
प्रेम की कविता लिखी थी
मृत्यु के स्वर में
यही है वह शख़्स
कल तक रहा जीता
जो तुम्हारे शहर की संकरी गली के
पुरनिया घर में
प्रभात त्रिपाठी
About the poet

प्रभात त्रिपाठी

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like