तारों भरे आँचल को परसों तक नहीं जलाना चाहिए - पराग पावन

पराग पावनपराग पावन

6 min read · 12.4K reads

हताशाओं और नाउम्मीदी का महासागर हमेशा डरावना होता है
फिर भी हौसले का लंगर सफ़र पर निकल ही जाता है
पराजय की शाम तानाशाहों की हँसी जितनी घृणित और क़ातिल होती है
पर जज्बातों के पंछी अपना मंगलगीत कभी नहीं भूलते

यह भी समझ ही लेना चाहिए कि
जब तक हमारा घर शून्य नहीं है
या जब तक हम निर्वात् के नागरिक नहीं हैं
तब तक ‘व्यक्तिगत’ हिन्दी शब्दकोश का अतिरिक्त शब्द है

कहा नहीं जा सकता कि प्रेमिका की बेवफ़ाई का दुख
प्रधानमन्त्री के नैतिक पतन का दुख
और पटिदार से पुश्तैनी पेड़ के विवाद का दुख
तत्वतः किस तरह अलग हैं

दुख की यही आदत है
वह आने के मामूली अवसर को भी गँवाना नहीं जानता
दुख के आने के हज़ार तर्क हैं
और जीवन उन तर्कों में सर्वश्रेष्ठ है

पर जैसा कि मैंने ऊपर कहा
मुश्किलों के भेड़ियों की गुर्राहट
इनसान के पसीने तक पहुँचने से पहले ही
थककर सो जाती है
जिस दर पर दुनिया वाले रास्तों को दफ़ना देते हैं
वहीं एक रास्ता पैदा होता है और इनसान की अँगुली पकड़कर श्मशान से बाहर
ले जाता है

कहने वाले कहते हैं चाँद पर महज मिट्टी है और सभी तारों पर कमोबेश ऐसा ही है
पर कुछ लोग अब भी तारों से एक आँचल बना रहे हैं
वे लोग उस तारों भरे आँचल को परसों तक नहीं जलाएँगे ।
पराग पावन
About the poet

पराग पावन

View profile & all 21 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like