पहला सफ़ेद बाल - पंकज चतुर्वेदी

पंकज चतुर्वेदीपंकज चतुर्वेदी24 Sept 1971

5 min read · 12.4K reads

पहला सफ़ेद बाल
मुझे दिखा था भोपाल में

याद आया
बुद्ध के एक जातक के अनुसार
मिथिला के रजा मखादेव ने
देखा जब पहला सफ़ेद बाल
उन्होंने राज्य अपने बेटे को सौंपा
और स्वयं प्रव्रज्या ग्रहण की

इसी तरह एक बार
अयोध्या के महाराज दशरथ ने
मुकुट को सीधा करते समय
दर्पण में देखे सफ़ेद बाल
और राम के
राजतिलक का निश्चय किया

और मिलान कुन्डेरा की वह स्त्री
जो पन्द्रह वर्ष बाद
अपने प्रेमी से मिली
उसके सफ़ेद हो रहे थे बाल
इसलिए उसमें प्यार कि झिझक थी
या निर्वसन होने के लज्जा

मानो यह रहस्य खुलने पर
उसकी सुन्दरता का स्मारक गिर जाएगा
जो इतने लंबे अरसे से
उस पुरूष की
आत्मा में सुरक्षित था

मगर आखिरकार उसने फ़ैसला किया
प्यार का
क्योंकि ‘स्मारक उचित नहीं होते’
और स्मारकों से
अधिक महत्त्वपूर्ण है जीवन

मैं क्या करुँ
मैं न हो सकता हूँ प्रव्रजित
न किसी को बना सकता हूँ युवराज
अलबत्ता सौंदर्य के स्मारक में
स्वागत है तुम्हारा
पहले सफ़ेद बाल!
पंकज चतुर्वेदी
About the poet

पंकज चतुर्वेदी

View profile & all 28 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like