तुम्हें कल की कोई चिन्ता नहीं है - ओमप्रकाश यती

ओमप्रकाश यतीओमप्रकाश यती3 Sept 1959

2 min read · 12.4K reads


तुम्हें कल की कोई चिन्ता नहीं है

तुम्हारी आँख में सपना नहीं है।


ग़लत है ग़ैर कहना ही किसी को

कोई भी शख्स जब अपना नहीं है।


सभी को मिल गया है साथ ग़म का

यहाँ अब कोई भी तनहा नहीं है।


बँधी हैं हर किसी के हाथ घड़ियाँ

पकड़ में एक भी लम्हा नहीं है।


मेरी मंज़िल उठाकर दूर रख दो

अभी तो पाँव में छाला नहीं है।
ओमप्रकाश यती
About the poet

ओमप्रकाश यती

View profile & all 62 Poems / Stories