रघुपत बाबू को गालियों से गोदता है - ओमप्रकाश कृत्यांश

ओमप्रकाश कृत्यांशओमप्रकाश कृत्यांश

5 min read · 12.4K reads

गेहूँ का बोझ उठाये गनेसी
ज़रा रूककर देखता है
मेंड़ पर बैठे रघुपत बाबू की निगाह
निगाह, जो हँसुए से गेहूँ काटती ललमुनिया
के आस-पास मँडराती है
फटी कुर्ती (ब्लाउज) से झाँकते उसके स्तन से
तो कभी उसके नितम्ब से
जाकर टकराती है
पर / अगले ही क्षण
गनेसी अपने साथी बनिहार राम निहोरा
के टोकने पर चल पड़ता है उठाये बोझ / दबाये क्रोध
आरी-पगारी फलाँगते खलिहान की ओर
लेकिन / उसकी आँखों में जमकर रह जाती है
रघुपत बाबू की निगाह
और मन के कुँए में काई की तरह
जमकर रह जाता है और भी बहुत कुछ
दूसरी खेप में वह / रघुपत बाबू की ओर झपटता है
उन्हें पागल कुत्ते की तरह भँभोड़ता है
लेकिन जैसे ही लगती है
उसके घवाहिल अँगूठे में ठेस
उसका सोच क्रम टूटता है
फिर गनेसी / अपने गमछे से
पसीने में नहाया
अपना तमतमाया चेहरा पोंछता है
और मन-ही-मन रघुपत बाबू को
गालियों से गोदता है।
ओमप्रकाश कृत्यांश
About the poet

ओमप्रकाश कृत्यांश

View profile & all 2 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like