युद्धरत दुनिया में फूल-सी कविताएँ

ओम नागरओम नागर20 Sept 1980

1 min read · 12.4K reads

आधी दुनिया लड़ रही हैं युद्ध

आधी दुनिया जुटी है युद्ध की तैयारी में

हथियारों की मंडी में भीड़ बहुत है

मैं हूँ कि देख रहा हूँ अब भी हरे पेड़

पेड़ों पर टँगे हुए पत्ते और खिले हुए फूल

युद्धरत दुनिया में लिख रहा हूँ फूल-सी कविताएँ।

आधी दुनिया सो रही है भूखे पेट

आधी दुनिया खाकर नहीं ले रही डकार भी

सरकारी गोदामों में अनाज बहुत है

मैं हूँ कि भूखे बच्चे को बँधा कर रोटी की आस

चाँद को अँगुली से दिखा समेट लेता हूँ हाथ-पैर

युद्धरत दुनिया में लिख रहा हूँ रोटी-सी कविताएँ।

आधी दुनिया जोत रही है अभी भी बैल

आधी दुनिया जोत रही है अभी भी आदमी

सबको हाँकने को तैयार बहुत है

मैं हूँ कि किसान को दे रहा हूँ पूरे दाम की दिलासा

सरकार के डस्टबिन में चिंदी-चिंदी पड़ा है माँगपत्र

युद्धरत दुनिया में लिख रहा हूँ फ़सल-सी कविताएँ।

आधी दुनिया का हलक़ सूखा है

आधी दुनिया के सिर-चढ़ा परस भर पानी

मैं हूँ कि हाइड्रोजन-ऑक्सीजन-से बना रहा जल-युग्म

और आकाश का हरापन देख तोड़ देता शब्द-संधियाँ

युद्धरत दुनिया में लिख रहा हूँ जीवन-सी कविताएँ।

ओम नागर
About the poet

ओम नागर

View profile & all 51 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like