कवि का आख़िरी हलफ़नामा

ओम नागरओम नागर20 Sept 1980

1 min read · 12.4K reads

जब वह कुछ नहीं थे

तो भी उनके पुरखे तो थे ही कुछ न कुछ

पुरखों की जात वालों के वोट बहुत थे

जात के वोट बटोर लेने वालों की भीड़ भी थी बहुत

पहले ठेके समेटे फिर समेट लिया धरती का जल

एक दिन जात के कंधे पर चढ़ हो गए विधायक

विधायक हुए तो आदमी न रहे

कभी आदमी होने की कोशिश भी की तो

बीच में टपक ही जाता ठेकेदारी वाला बेईमान मिज़ाज

विधायक जी की भय-नगरी में

प्रतिरोध की सारी आवाज़ें खो चुकी हैं अपनी खनक

एक अदद कवि की ज़रा-सी ऐंठन और खर्राटें

उड़ाए है आराम पसंद विधायक जी की सनातन नींद

बहुत नरम है कवि की गर्दन

और कवि के शब्दों की धार बहुत तेज़

विधायक जी आसानी से मरोड़ सकते हैं कवि की गर्दन

लेकिन शब्दों की गर्दन मरोड़ देना आसान नहीं

यह कविता नहीं हैं

ये कभी भी मार दिए जाने वाले

एक अदद कवि का आख़िरी हलफ़नामा है।

ओम नागर
About the poet

ओम नागर

View profile & all 51 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like