न धूल न धुआँ है
समय एक अँधा कुआँ है
तपती ख़ूब दुपहरी अब तो
बची न थोड़ी छाँव रे बंधु!
कभी आना हमारे गाँव रे बंधु!
न बैल बचे न गायों के झुंड
साँझ न गरद उड़ाती आती
गलियों के मुँह सकरे-सकरे
एक बात पर सौ-सौ नखरे
सबके आसमान में पाँव रे बंधु!
कभी आना हमारे गाँव रे बंधु!
मोटियारों की भीड़ बहुत है
राजनीति के गौत्र बहुत हैं
आठों पहर है मुँह में गुटखा
मोबाइल का हाथ में खटका
सब कोरी काँव-काँव रे बंधु!
कभी आना हमारे गाँव रे बंधु!
कुएँ कूड़ेदान हुए सब
सूखा पड़ा हुआ तालाब
हरित हुई खेतों की काया
गहरे नलकूपों की माया
कैसे चलती रेत में नाव रे बंधु!
कभी आना हमारे गाँव रे बंधु!
घर में पेट जितने गेहूँ बोएँ
लहसुन की आभा में खोएँ
अलसी धनिया का अब हेरा
उठा खेत से सौरम-डेरा
इस धरती के गहरे घाव रे बंधु!
कभी आना हमारे गाँव रे बंधु!
माटी, बेटी, साहूकार का
हमको क़र्ज़ चुकाकर जाना
ख़ुद की परछाई से आगे
सूद सीढ़ियाँ नभ को नापे
बैंक-आगे चले न कोई दाँव रे बंधु!
कभी आना हमारे गाँव रे बंधु!








