कई तरह के साँप - नोमान शौक़

नोमान शौक़नोमान शौक़2 Sept 1965

4 min read · 12.4K reads

कई तरह के होते हैं साँप
रेंगने वाले
उड़ने वाले
समुन्दरों में तैरने वाले
किसी किसी के तो दो मुँह भी होते हैं
लेकिन ये सब बताने के लिए तो
ढेर सारी किताबें और
कई चैनल मौजूद हैं टी. वी. के

मैं तो
बस यह बताना चाहता था
साँपों के दो पाँव भी होते हैं
जिनसे वे काम लेते हैं
कबूतरों के अंडों को कुचलने का
ताकि पक्षी अपनी नस्ल बचाने के लिए
चलें जाएँ साँपों के इलाक़े छोड़कर
साँपों के चेहरे पर
दाढ़ियाँ भी हो सकती हैं
माथे पर सजदे के निशान
या किसी शमशान की भभूत भी
केसरिया या हरी पगड़ियाँ भी हो सकती हैं
इनके सरों पर

अलाउद्दीन के जिन की तरह
कभी भी, कही भी
किसी भी शक्ल में
पाए जा सकते हैं साँप !
नोमान शौक़
About the poet

नोमान शौक़

View profile & all 47 Poems / Stories