तुम जो मेरी प्रेमिका नहीं हो - नीलोत्पल

नीलोत्पलनीलोत्पल23 Sept 1975

5 min read · 12.4K reads

तुम जो छत पर हाथ
टिकाए खड़ी हो
तुम्हारे हाथ और बाल ढँके हैं
शाल के भीतर
धूप सेंकते हुए तुम्हारा चेहरा
तपता है
अलाव में सेंके हुए अनाज की तरह

उस वक़्त मैं देखता हूँ तुम्हें
तुम जो मेरी प्रेमिका नहीं हो
ना ही हमनें मिलकर सपने देखे हैं
(हम क़ैद हैं अपने-अपने सीखचों में )

मैं देखता हूँ तुम्हारी आँखों में
गुलमोहर की शांत झरती पत्तियाँ
तुम एक गहरी लम्बीं साँस लेती हो
तुम्हारी उदासी में ढेरों पक्षी विदा लेते हैं

लेकिन हमनें कोई विदा नहीं ली अब तक
हम नहीं जानते इस बारे में
हम अस्पष्ट हैं

तुम जो मेरी प्रेमिका नहीं हो
मैंने तुम्हें कभी कोई ख़त नहीं लिखा
लेकिन हमारी आँखें जानती हैं
कि हमनें सदियों प्रतीक्षा की एक दूसरे की

हमनें वादा नहीं लिया
लेकिन मैं देखता हूँ
शाम का सूरज तुम्हारे चेहरे पर चमकता है
लिखता है हमारी अस्पष्ट कहानी को
अपने महान अंतरालों के बीच
नीलोत्पल
About the poet

नीलोत्पल

View profile & all 38 Poems / Stories