सूनी सँझा, झाँके चाँद

Naresh SaxenaNaresh Saxena16 Jan 1939

1 min read · 12.6K reads

सूनी सँझा, झाँके चाँद
मुँडेर पकड़ कर आँगना
हमें, कसम से, नहीं सुहाता-
रात-रात भर जागना ।

रह-रह हवा सनाका मारे
यहाँ-वहाँ से बदन उघारे
पिछवारे का पीपल जाने-
कैसे-कैसे वचन उचारे
जाने कब तक नीम पड़ेगा-
'घी मिसरी' में पागना ।

कैसे मन की करूँ चिरौरी
खाली-खाली बाखर-पौरी
ऐसे मौसम तुम बाहर हो
आँगन टपके परी निबौरी
जैसे हैम अपने, वैसे हों-
दुश्मन के भी भागना ।

हमें, कसम से, नहीं सुहाता-
रात-रात भर जागना ।

Naresh Saxena
About the poet

Naresh Saxena

नरेश सक्सेना हिंदी के कवि है. समकालीन हिंदी कवियों में उनकी अलग पहचान है. कविता के अलावा उनकी सक्रियता के अनेक क्षेत्र हैं. उन्होंने टेलीविज़न और रंगमंच के लिए लेखन किया है. उनका एक नाटक `आदमी का आ´ देश की कई भाषाओं में पांच हज़ार से ज़्यादा बार प्रदर्शित हुआ…

View profile & all 12 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like