मतीरे - नरेश चंद्रकर

नरेश चंद्रकरनरेश चंद्रकर1 Sept 1960

6 min read · 12.4K reads

बहुत बरस बाद
चैत की ऐन दुपहरी में दिखा वह
लम्बे अन्तराल बाद मिले मित्र की तरह
बातों में पीठ पर धौल जमाते हुए
बहुत घुले स्वर में
गहरी मीठी नीली भाषा में
प्रेम का इज़हार करते हुए

यकीन नहीं हुआ इतनी करूण आवाज़ मतीरे की
इतना सघन आग्रह
इतनी आत्मीय चिरौरी
ज्यों घुटने के बल बैठकर चूमता है नायक

मैं चला लिए उसे अपने साथ
रास्ते भर बीते दिन घुमड़ते रहे
याद आया....

पाठशाला से लौटकर छ्बे में रखी कटी फाँकें जो दिखी थी
वे मतीरे की थीं
याद आया.......

गर्भवती पत्नी के लिए
भुवनेश्वर के कल्पना-छ्क से ढूँढ़े थे मैंने मतीरे
और सुन्दर दो सुड़ौल ढूँढ़ भी ले आया बाद में
याद आती रही फल के साथ धुली-पुँछी पुरानी बातें
मेरे आगे वह सायकिल भी निकल आई कबाड़ से
हैंडल पर जिसके नाम खुदा था नाना का

कैरियर पर फँसे थे दो मतीरे
और सम्भलते हुए घर पहुँचा था
बनती रही कुछ कृतज्ञताएँ मन में
इस फल ने दिया ओक से जल पीने जैसा सुख
इसने दिखाए नदियों से भेजे हरे रूमाल
यह मेरे साथ रहा पृथ्वी के प्रतीक-चिह्न सा

हरी-हरी धारियों के भीतर से
लाल-लाल मीठी रसीली हँसी के साथ
आज जब कटा मेरे घर मतीरा
किसी फल ने पहली बार कहा मुझ से
इतने बरस तुम क्यों भूल चुके थे मुझे !!
नरेश चंद्रकर
About the poet

नरेश चंद्रकर

View profile & all 0 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like