लड़का - नरेन्द्र जैन

नरेन्द्र जैननरेन्द्र जैन2 Sept 1948

6 min read · 12.4K reads

कमरा बहुत छोटा है जहाँ बैठकर
हम दुरुस्त करते हैं कविताओं के प्रूफ़
कई बरसों से चला आ रहा यह क्रम
हमारे दो के अलावा जब तीसरा कोई आता है
तब और छोटा हो जाता है यह कमरा

कमरे में बाहर से अन्दर आते
और कमरे से घर के भीतर जाने का
दरवाज़ा भी है
घर के अन्दर होता ही रहता है बच्चों का शोरगुल
हमें आदत ही हो गई है
शोरगुल में कविता पढऩे की

कुछ कुछ अन्तराल से
घर के भीतर से चला आता है
मेरे टाइपिस्ट का लड़का
वह पिता की गर्दन में बाहें डालकर
चिल्लाते हुए कुछ कहता है
जैसे
पापा सायकिल की हवा निकल गई
या गुड्डी रो रही है
या आज स्कूल की छुट्टी है

मैंने एक दिन कह ही दिया
कि बेहद शरारती है उसका लड़का
टाइपिस्ट ने मुझे देखा और
बेहद संकोच से बतलाया कि
वह दरअसल लड़का नहीं है, लड़की है
और शुरू से ही उसे
लड़का मानते आ रहे हैं
लड़के की चाहत में एक के बाद एक
तीन लड़कियाँ पैदा हो गईं
और तीनों लड़कियों पर
लगातार हावी रहती है यह चौथी लड़की
क्योंकि मिली है उसे छूट
लड़का होने की

आज कुछ ऐसा हुआ
कि जाँचे नहीं गए मुझसे
अपनी कविता के प्रूफ़
मैंने तमाम अशुद्धियों को
वैसे ही रहने दिया ।
नरेन्द्र जैन
About the poet

नरेन्द्र जैन

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like