तुम्हारा होना - नंद भारद्वाज

नंद भारद्वाजनंद भारद्वाज1 Sept 1948

3 min read · 12.4K reads

तुम्हारे साथ
बीते समय की स्मृतियों को जीते
कुछ इस तरह बिलमा रहता हूँ
अपने आप में,
जिस तरह दरख्त अपने पूरे आकार
और अदीठ जड़ों के सहारे
बना रहता है धरती की कोख में ।

जिस तरह
मौसम की पहली बारिश के बाद
बदल जाती है
धरती और आसमान की रंगत
ऋतुओं के पार
बनी रहती है नमी
तुम्हारी आँख में -
इस घनी आबादी वाले उजाड़ में
ऐसे ही लौट कर आती
तुम्हारी अनगिनत यादें -

अचरज करता हूँ
तुम्हारा होना
कितना कुछ जीता है मुझ में
इस तरह !
नंद भारद्वाज
About the poet

नंद भारद्वाज

View profile & all 41 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like