बरसों बाद - नंद भारद्वाज

नंद भारद्वाजनंद भारद्वाज1 Sept 1948

5 min read · 12.4K reads

बरसों बाद
किसी बदले हुए मौसम की
कोख से आती गंध
और अंतस की गहराई में
बजती धीमी दस्तक के बुलावों पर
जब भी खोलता हूँ
अपने भीतर के दरवाज़े
खिड़कियाँ रौशनदान -
कोई नहीं होता वहाँ
             उत्सुक
   अपने ही पीड़ित सन्नाटों के सिवाय,

जाने कब से खड़ा हूँ
एक गुज़रती हुई उम्र के किनारे
उस अन्तहीन अंधेरे की
            गिरफ़्त में ग़ुमसुम !
बरसों बाद
किन्हीं अधूरे पड़े सपनों की
बिखरी चिन्दियों के बीच
इस बेचैन सितारों से भरी रात के
गूंगे आसमान से उतर कर
कभी तो आओगे मेरी मुक्ति के उल्लास -
समेट लूंगा मैं
तुम्हें अपने बिखरे हुए संसार में !

लौट आएगी
मुझ में जीने की नई चाह

खुल जाएंगे
इस एकान्त कारा के
बंद दरवाज़े
ये वातायन नीला आकाश
हलके में दूर तक गूँजेगी
अबोले अलगोजों की तान
             उस पार तक !
नंद भारद्वाज
About the poet

नंद भारद्वाज

View profile & all 41 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like