ये भी कोई वज़्अ आने की है जो आते हो तुम

मीर मोहम्मदी बेदारमीर मोहम्मदी बेदार

1 min read · 12.4K reads

ये भी कोई वज़्अ आने की है जो आते हो तुम

एक दम आए नहीं गुज़रा कि फिर जाते हो तुम

दूर से यूँ तो कोई झमकी दिखा जाते हो तुम

पर जो चाहूँ ये कि पास आओ कहाँ आते हो तुम

कहिए मुझ से तो भला इतना कि कुछ मैं भी सुनूँ

बंदा-परवर किस के हाँ तशरीफ़ फ़रमाते हो तुम

उस परी-सूरत बला-अंगेज़ को देखा नहीं

नासेहो म'अज़ूर हो गर मुझ को समझाते हो तुम

देखिए ख़िर्मन पे ये बर्क़-ए-बला किस के पड़े

बे-तरह कुछ तेवरी बदले चले आते हो तुम

जो कोई बंदा हो अपना इस से फिर क्या है हिजाब

मैं तो इस लाएक़ नहीं जो मुझ से शरमाते हो तुम

आज ये गो और ये मैदाँ उन्हें कह दीजिए

देख लूँ जिन के भरोसे मुझ को धमकाते हो तुम

फिर न आवेंगे कभी ऐसी ही गर आज़ुर्दा हो

बस चले हम ख़ुश रहो काहे को झुँजलाते हो तुम

हालत-ए-'बेदार' अब क्या कीजिए आप आगे बयाँ

वक़्त है अब भी अगर तशरीफ़ फ़रमाते हो तुम

मीर मोहम्मदी बेदार
About the poet

मीर मोहम्मदी बेदार

मूल नाम : मीर मोहम्मदी जन्म : दिल्ली निधन : अकबराबाद, उत्तर प्रदेश

View profile & all 51 Poems / Stories