कवि की मदद - अरुण देव

मंगलेश डबरालमंगलेश डबराल16 Sept 1948 – 9 Sept 2020

6 min read · 12.4K reads

हिन्दी का महाकवि अचानक बीमार पड़ा
इलाज़ के लिए आर्थिक मदद माँगनी पड़ी
सार्वजनिक किया गया उसकी पत्नी के नाम का खाता
यही कमाई थी उसकी जन्म भर की

कितना ताक़तवर दिखता था अपनी कविताओं में हमारा यह कवि
राजनीतिक सत्ता की खुली आलोचना करता हुआ
धार्मिक रूढ़ियों पर घन चोट करता रहा

रहती थी कुछ कवियों की नज़र उसपर हमेशा
कि अब गिरा कि तब गिरा, लो यह गिरा, गिरा, गिरा
यहाँ-वहाँ वहाँ वहाँ

कच्ची-पक्की नौकरियों से जैसे-तैसे काट ली ज़िन्दगी
कुछ किताबें छपीं, अनुवाद छपे
कुछ पुरस्कार भी मिलें
लाखों के
जिसके लिए उसे सहनी पड़ी असह्य कुकुर झौं-झौं

ये फिर भी कितने कम थे
कितने दिन चल सकता था इससे भला जीवन

कुछ ओहदेदार लोगों के किताबों की लिखी उसने समीक्षाएँ
कि ख़ुश रहें
गाहे-बगाहे काम आ जाएँ

पाठकों से क्या होना था
वे पता नहीं कौन थे, कहाँ रहते थे ?

जिसे लिखने में उसे सालों लगे और जो
सभ्यता में अब तक अर्जित का सार था
उससे भी क्या होता इलाज के लिए ।

घर पर कर्ज़ छोड़ कर मरा जब
उसकी अन्तिम यात्रा में लोग भी कम ही थे ।
मंगलेश डबराल
About the poet

मंगलेश डबराल

View profile & all 88 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like