ऋतु जलसे की - कुमार रवींद्र

कुमार रवींद्रकुमार रवींद्र10 Sept 1940 – 1 Sept 2019

3 min read · 12.4K reads

ऋतु जलसे की
महानगर में
नदी-किनारे जंगल काँपा

पिछली बार कटे थे महुआ
अबकी जामुन की बारी है
पगडंडी पर
राजा जी के आने की सब तैयारी है

आगे बडे मुसाहिब
उनने
जंगल का हर कोना नापा

बेल चढी है जो बरगद पर
आडे आती है वह रथ के
हर झाडी काटी जायेगी
दोनों ओर उगी जो पथ के

आते हैं हर बरस
शाह जी
नदी सिराने महापुजापा

उधर मडैया जो जोगी की
उसमें रानी रात बसेंगी
वनदेवी का सत लेकर वे
अपना कायाकल्प करेंगी

महलों में
बज रहे बधावे
जंगल ने डर कर मुँह ढाँपा।
कुमार रवींद्र
About the poet

कुमार रवींद्र

View profile & all 115 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like