तुम्हारी उदासी के कितने शेड्स हैं विनायक सेन - कुमार मुकुल

कुमार मुकुलकुमार मुकुल2 Sept 1966

11 min read · 12.4K reads

जानता हूँ विनायक सेन
बीमार अंधकार और लौहदंडों के घेरे में
दम घुट रहा है तुम्हारा
दम घुट रहा है जनाकांक्षाओं का
पर देखो तो
तुम्हारी उदासी
भासित हो रही है कैसी
बज रही है कितने सुरों में
कितने शेड्स हैं इसके


यहाँ बाजू में घास पर बैठे हैं मंगलेश जी
चुप्पा हकबकाए से
आधा सिर हिलाते
कि नहीं
ठीक ऐसा नहीं है
कि जिगर फ़िगर अवाम की कीमत पर ली गयी
उधार की यह चमक
मुझे मंज़ूर नहीं
पास ही घुटनों के बल
झुकी हैं भाषा सिंह
विस्फारित ने्त्रों में बच्चों सा विस्मय भरे
अपने धैर्य को मृदु हास्य में बदलती
कुछ बतिया रही हैं रंजीत वर्मा से
पास ही उबयाए से
बैठे हैं मदन कश्यप, रामजी यादव
कि तमाशा खड़ा करना हमारा मकसद नहीं
दाएँ बाजू सामने चप्पल झोला रखे
बैठे हैं अजय प्रकाश
अपनी खिलंदडी मुस्कान के साथ
सरल हास्य में डूबी नजरों से ताकती प्रेमा को दिखलाते
कि वो तो रही नंदिता दास
वही फ़िराक वाली नंदिता दास
दीप्ती नवल की खनकती निगाह को
यतीम कर दिए गए बच्चे के दर्द में डुबोकर
जड़ कर देने वाली नंदिता दास
उधर पीछे खड़े हैं अभिषेक
अपनी ही चर्बी के इंकिलाब से अलबलाए
कि भईवा... इ पानी है कि गर्म चाय

कितने शेड्स हैं तुम्हारी उदासी के
कि साहित्य अकादमी की धूमिल होती इस सांझ में
शामिल हो रहा है रंग
खिलते अमलतास का
कि बजती है एक अंतरराष्ट्रीय धुन
कि सब तुम्हारे ही लिए हैं मेरी कुटुबुटु
कि चलता है रेला लोकधुन का
और फुसफुसाते हैं लोग
कि यह राजस्थानी है कि गुजराती
कि भुनभुनाता है कोई
कि यहाँ इस प्रीत के बोल की जरूरत क्या है

जरूरत है साथी
कि प्रीत के बोलों पर
अभिषेक और ऐश्वर्या की ही इजारेदारी नहीं
कि वे अपनी भूरी कांउस आँखों पर भी
कजरारे-कजरारे गवा लें
और पूरा मुलुक ताकता रह जाए
मुलुर-मुलुर
कि इन बोलों पर फैज-नेरूदा-हिकमत
का भी अधिकार है
कि प्रीत के बोलों पर
उनका ही अधिकार है
जो अपनी धुन में चले चलते हैं
मौत से हमबिस्तर होने के लिए

हाँ
ये सब तुम्हारी उदासी के ही शेड्स हैं विनायक सेन
उदासी की ही धुन है यह
जिस पर नाच रहे हैं इतने सारे जन-गन
(कि-कवि-पत्रकार
सबको लग रहा है
कि यह उदासी है
कि वे हैं ।
कुमार मुकुल
About the poet

कुमार मुकुल

View profile & all 131 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like